कोटखाई में नाका तोड़कर भागने की कोशिश करने के मामले में नशा सामग्री बरामद, दो आरोपी किए गिरफ्तार
विज्ञापन
एक आरोपी का अस्पताल में चल रहा है उपचार
एक आरोपी पंजाब, दूसरा कोटखाई का रहने वाला संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई/शिमला। पुलिस थाना कोटखाई की टीम ने नशा तस्करी करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में टाटा सफारी गाड़ी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने रविवार रात नाका तोड़कर भागने की कोशिश की थी लेकिन पुलिस ने इन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया था।
गाड़ी से विदेशी पिस्तौल, मैगजीन, 6.15 ग्राम क्रिस्टल मेथ (मादक पदार्थ), 2.25 ग्राम चिट्टा, दो गैस सिलिंडर, एक कांच की शीशी और छोटा चाकू बरामद किया है। क्रिस्टल मेथ नाम मादक पदार्थ ब्रिटेन सहित विदेशों में प्रचलित है। भारत में इसकी कीमत प्रति ग्राम पांच हजार से पंद्रह हजार रुपये तक है। आरोपियों ने रविवार रात नाकाबंदी के दौरान भागने की भी कोशिश की थी उन्हें रोकने के लिए की कार्रवाई में गाड़ी सवार एक आरोपी घायल भी हो गया है। आरोपियों की पहचान रमनजीत सिंह (50) निवासी मोहाली (पंजाब) को मौके पर गिरफ्तार कर लिया था जबकि दूसरे आरोपी रूबेल निवासी गांव ताकरोट तहसील कोटखाई को घायल होने की वजह से उसका उपचार अस्पताल में करवाया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। जानकारी के अनुसार रविवार शाम को कोटखाई पुलिस ने छोल मार्केट में नाका लगाया था। इस बीच सूचना मिली कि दो व्यक्ति टाटा सफारी में सवार हैं और महासू क्षेत्र में चिट्टा बेच रहे हैं। वह इस समय कोकुनाला की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर कोकुनाला में नाका लगाया। इस बीच संदिग्ध गाड़ी नाके पर पहुंची। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया लेकिन उसने गाड़ी को तेज गति से निकालने का प्रयास किया।
विज्ञापन
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी को रोक लिया। पुलिस ने गाड़ी में सवार रमनजीत सिंह (50) निवासी मोहाली (पंजाब) को मौके पर गिरफ्तार कर लिया जबकि दूसरा व्यक्ति रूबेल निवासी गांव ताकरोट तहसील कोटखाई गाड़ी रोकने के दौरान घायल हो गया। इसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटखाई भेजा गया है जहां इसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने थाना कोटखाई में केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के कब्जे से पकड़ी गई क्रिस्टल मेथ एक पार्टी ड्रग है। पकड़ी गई 6.15 ग्राम की क्रिस्टल मेथ ड्रग की कीमत एक लाख रुपये तक आंकी जा रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह जानलेवा नशा कहां से लाया गया था और इसे आरोपी कहां और किसे बेचने की फिराक में थे।
कोट पुलिस ने सूचना के आधार पर एक गाड़ी की तलाशी में पार्टी ड्रग मेथ क्रिस्टल, चिट्टा और विदेशी पिस्तौल बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। नशा तस्करी का नेटवर्क तोड़ने के लिए पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है।
-गौरव सिंह, एसएसपी शिमला