औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के बुरांवाला स्थित कुंडलस लोहा उद्योग में भी सरकार के आदेशों की अवहेलना करने पर मामला दर्ज किया गया है। एसआईयू प्रभारी गोपाल सिंह की अगुवाई वाली टीम कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने की दिशा में सरकार के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित बनाने के दृष्टिगत बरोटीवाला में गश्त पर थी। यह टीम जब बुरांवाला स्थित कुंडलस लोहा उद्योग के बाहर पहुंची तो भीतर से लोहे के काम की आवाजें सुनाई दी तो गेट के पास जाकर देखा तो अंदर काफी मजदूर लोहा, संगल का कार्य कर रहे थे और सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने पूछने पर बताया कि कंपनी मालिक और प्रबंधक कंपनी में कार्य करवा रहे हैं। उधर, एएसपी एनके शर्मा ने बताया कि सरकार ने कोरोना संक्रमण को रोकने व बचाव के लिए आवश्यक वस्तुओं के निर्माण के अलावा अन्य सभी प्रकार के उद्योगों को बंद करने के आदेश दिए हैं। लेकिन बावजूद इसके उद्योग में यहां काम किया जा रहा था, जिस पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिमाचल के औद्योगिक हब बीबीएन के झाड़माजरी में भी एक उद्योग में काम चालू होने पर कार्रवाई की गई है। नायब तहसीलदार बद्दी की शिकायत पर बरोटीवाला पुलिस ने मामला दर्ज किया है। नायब तहसीलदार बद्दी बलराज नेगी ने बताया कि नॉरटन लैबोरेट्रीज कोरूगेटिंग एंड पैकेजिंग इंडस्ट्री प्लॉट नंबर-133, ईपीआईपी फेस-1 झाड़माजरी बद्दी बिना किसी अनुमति के उद्योग में काम को चालू रखा था।
जिसका इन्होंने मौके पर जाकर स्वयं निरीक्षण किया और पाया कि करीब 10 कामगार यहां काम कर रहे थे और गत्ते के डिब्बे बना रहे थे। कंपनी में किसी भी प्रकार को कोई भी मास्क सैनिटाइजर की सुविधा भी नहीं थी। एएसपी एनके शर्मा ने बताया कि सरकार के आदेशों की अवहेलना करने का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।