राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो ने हमीरपुर सदर के कानूनगो के खिलाफ एक लाख रुपये से अधिक रिश्वत लेने के आरोप में मामला दर्ज किया है। कानूनगो पर एक दुकान की जमीन का इंतकाल करवाने के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप है। कानूनगो के रिश्वत लेने की घटना वीडियो कैमरे में भी कैद हो चुकी है। हमीरपुर शहर के मिठाई कारोबारी ने कानूनगो की ओर से रिश्वत मांगने की शिकायत विजिलेंस में की है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही विजिलेंस ने राजस्व से संबंधित रिकॉर्ड और वीडियो कैमरे की फुटेज को भी अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, यह वीडियो एक सप्ताह पुराना है। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को दी शिकायत में कहा कि उन्होंने बीते वर्ष हमीरपुर शहर में एक दुकान खरीदी थी। इसकी फरवरी 2020 में रजिस्ट्री हुई। अब इस दुकान की जमीन का इंतकाल होना था, लेकिन सदर तहसील के नायब तहसीलदार और कानूनगो इंतकाल के कार्य में आनाकानी कर रहे थे। 28 जुलाई को इंतकाल होना था।