पांवटा के वार्ड-3 की आदर्श कॉलोनी निवासी मुख्य शिक्षिका भूपपुर स्कूल सुरेखा चौहान पत्नी मोहन सिंह चौहान ने शनिवार को खूब हिम्मत दिखाई। करीब 4 मिनट तक खींचतान व संघर्ष चला। इस दौरान पर्स खींचने वाले झपटमार पर कई मुक्के भी जड़े।
देवीनगर स्कूल की मुख्य शिक्षिका कविता शर्मा ने भी स्नैचर को मुक्के जड़े। लेकिन, पर्स छीनकर झपटमार किसी तरह बाइक पर चढ़ गया। बाइक पर भागते समय भी पर्स छुड़ाने का प्रयास शिक्षिका करती रही।
इससे उसके बाजू में मामूली चोटें भी आई हैं। प्रत्यक्षदर्शी पूर्व पांवटा नप कमेटी अध्यक्ष अवतार सिंह तारी, पूर्व मनोनीत पार्षद शाहबाज खान, आबिद, सलमान व रहीम समेत लोगों ने चिल्लाने की आवाज सुनीं।
उन्होंने बदमाशों का पीछा किया और गली में दबोच लिया। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार इस दोनों आरोपियों से पर्स के अलावा सोने की कुछ चेनें भी बरामद हुई हैं। आरोपियों से पूछताछ के बाद पिछले कुछ माह में हुई चेन स्नैचिंग की वारदातों से पर्दा उठ सकता है।
कहा जा रहा है कि स्नैचिंग की शिकार हुई कुछ महिलाओं ने भी झपटमारों के हुलियों को पहचान लिया है। डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि मामले की गहनता से जांच होगी।