अपने गांव आ रही बारात और दूल्हे को देखने के लिए घर से दौड़े दो मासूमों की कुंए में डूबकर मौत हो गई। दोनों के शव सुबह कुंए में तैरते हुए मिले। घटना हिमाचल के जिला हमीरपुर के भोरंज की है।
यहां उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत धिरड़ के गांव खुराल में देर रात दो बच्चे एक कुंए में गिर गए। जब तक परिजन दोनों को ढूंढ कर कुंए से बाहर निकाल पाते तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर केस दर्ज कर लिया है। वहीं, गांव में शादी के जश्न की जगह मातम पसर गया है। जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार देर रात की है।
मृतक बच्चों में से एक तीसरी और दूसरा पांचवीं कक्षा का छात्र था। इस दर्दनाक घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है।
बारात देखने दौड़े थे मासूम
जानकारी के अनुसार भोरंज के इस गांव में लड़की की शादी थी। इसके लिए दूसरे गांव से लड़के की बारात आ रही थी। रविवार देर रात लड़के की बारात गांव में दाखिल हुई।
जैसे ही इन बच्चों ने शहनाई और ढोल नगाड़े की आवाज सुनी कि ये दुल्हे को देखने के लिए सड़क की ओर दौड़ गए। अंधेरा होने के कारण इन्हें रास्ते के किनारे बना कुंआ दिखाई नहीं दिया। ये कुंए में गिर गए और इनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 8 वर्षीय निखिल पुत्र अमर सिंह और 11 वर्षीय सुमित उर्फ मित्तू पुत्र विधि चंद निवासी ग्राम पंचायत भलवानी के गांव भौर के रूप में हुई है। दोनों अपने दादा-दादी के साथ खुराल गांव में शादी समारोह में आए हुए थे।
बैंडबाजे में दब गई चीखने चिल्लाने की आवाज
पुलिस के अनुसार शायद दोनों चिल्लाए भी होंगे लेकर बैंडबाजे में उनकी चीख दब गई। दोनों बच्चों के माता पिता को जब देर रात भी ये बच्चे नहीं मिले तो सुबह होते ही इनकी तलाश की। थोड़ी दूरी पर जाकर जब ये कुंआ देखा तो दोनों बच्चों की लाशें इसमें तैर रही थी।
बाद में गांव के लोगों ने दोनों शवों को बाहर निकाला। बाहर निकालने के बाद उन्हें तुरंत भोरंज अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि यह कुंआ काफी गहरा था और इसके चारों ओर भी कोई रेलिंग भी नहीं लगाई गई थी। फिलहाल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना की भोरंज एसडीएम राकेश शर्मा को सूचना मिलते ही स्थिति का जायजा लेने मृतक बच्चों के गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को 10-10 हजार रुपये की फौरी आर्थिक सहायत प्रदान की है।