संजौली में वीरवार दोपहर घर में चोरी करते हुए एक चोर को रंगे हाथों पकड़ा गया है। पुलिस ने बताया है कि कुमार कॉटेज संजौली में रहने वाले अर्जुन नैंटा का रिश्तेदार वीरवार दोपहर करीब डेढ़ बजे घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था।
बाथरुम का दरवाजा भी खुला था। रिश्तेदार ने देखा की भीतर एक शख्स सामान चुराने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद उन्होंने चुपके से मुख्य दरवाजे में बाहर से कुंडी लगा दी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
मामले की सूचना मिलते ही संजौली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार युवक के साथ दो और आरोपी भी थे जो कि किसी के आने की भनक लगते ही मौके से भाग खड़े हुए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घर में चोरी करने घुसे युवक सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। चोर को पुलिस चौकी संजौली ले जाया गया है।
पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है जल्दी ही इस मामले में शामिल अन्य आरोपी भी गिरफ्तार होंगे।