राजधानी के रेलवे स्टेशन के नजदीक डाकघर के मुख्य मेल कलेक्शन सेंटर से चोर पार्सलों से भरे 16 बैग चुरा ले गए। चोरों की यह हरकत सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। वारदात को रात बारह बजे के बाद अंजाम दिया गया। चोर करीब डेढ़ घंटे तक यहां सामान खंगालते रहे। इस दौरान मेल गार्ड कहीं गया हुआ था जब वह लौटकर आया तो उसने चोरी की सूचना पोस्ट मास्टर को दी।
सुबह पांच बजे के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के आने से पहले डाक कर्मचारियों ने खाली पार्सल के डिब्बों को एक खाली बोरे में पैक करके रख दिया था। मौके पर इस तरह के मामलों में किसी भी चीज के साथ छेड़खानी नहीं की जा सकती। पुलिस के मुताबिक, मुख्य मेल कलेक्शन सेंटर से मेल गार्ड सोमवार रात पौने बारह बजे चला गया।
सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि दो चोर 12 बजकर 40 मिनट पर भीतर दाखिल हुए। इनमें एक जींस और जैकेट पहने हुए युवक दिख रहा है। एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति है। रात 2.20 बजे बाहर आए और चलते बने। इसके बाद 3.20 बजे मेल गार्ड यहां पहुंचा और उसने घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। कलेक्शन सेंटर में एक बड़ा और मजबूत ताला लगा हुआ है।
लेकिन उसे तोड़ा नहीं गया क्योंकि ताले के मुकाबले उसमें कुंडी बहुत छोटी है। थोड़ी ताकत से उसे अपनी ओर खींचने पर दरवाजा ऐसे ही खुल गया। कलेक्शन सेंटर के भीतर सीसीटीवी लगे हैं लेकिन वारदात के समय वहां लाइट नहीं जला रखी थी। मोबाइल की रोशनी से चोर पार्सल खोलते नजर आए और जिस तरह से वह चोरी कर रहे थे उससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि चोर इस जगह से अच्छी तरह से वाकिफ हैं।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
एएसपी सिटी भजन देव नेगी ने कहा कि
क्या-क्या चोरी हुआ है डाक घर से सूची मिलने के बाद ही साफ तौर पर कुछ बता
पाएंगे। चोरी की सूचना पुलिस को देर से दी गई। सुरक्षा के वहां कोई इंतजाम
नहीं हैं। अंदेशा है कि चोर पहले से ही इस जगह से अच्छी तरह से परिचित था।
नशा छुड़ाने की दवा भी ले उड़े चोर
एक
पार्सल में नशा छुड़ाने की दवा थी उसे भी चोर अपने साथ ले गए। एक पार्सल
में किसी मंदिर से आया प्रसाद था, उस पार्सल को चोरों ने खोला लेकिन प्रसाद
वहीं छोड़ गए। एक पार्सल में नैकलेस था उसे भी चुरा ले गए।