एनएच पांच पर सफेद ढांक से कूद कर चोरी के आरोपी ने जान दे दी। मामला शिमला के रामपुर का है। मृतक की पहचान किन्नौर जिले के भावानगर उपमंडल के सुंगरा पंचायत के थानंग गांव के धर्म सिंह, पुत्र जीत राम के रुप में की गई है।
मामले में तीन पुलिस कर्मियों के खिलाफ रामपुर थाने में लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सुंगरा पंचायत के थानंग गांव के धर्म सिंह के खिलाफ इसी गांव की ही एक महिला मुगी देवी ने सोने के जेवर चोरी करने का मामला दर्ज करवाया था और भावागनर पुलिस इस मामले की तफ्तीश कर रही थी।
धर्म सिंह रामपुर के भद्राश में अपनी मासी के घर पर रहता था। जब मुगी देवी पुलिस को लेकर भद्राश पहुंची तो धर्म सिंह ने उसके जेवर चोरी करने की बात कबूली और कहा कि उसने यह जेवर रामपुर के ज्वेलर को बेचे हैं। इसके बाद जब वे रामपुर के पुराने बस अड्डे पहुंचे तो धर्म सिंह मौके से फरार हो गया और इंदिरा मार्केट के साथ सफेद ढांक से कूदकर अपनी जान दे दी।
रामपुर पुलिस ने भावानगर थाने के तीन पुलिस कर्मियों हेड कांस्टेबल मदन, कांस्टेबल मनोज, कांस्टेबल प्रेम कुमार के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की बारीकी से जांच कर रही है। रामपुर पुलिस थाने के एसएचओ संजीव कुमार ने बताया कि भावानगर के तीन पुलिस कर्मियों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।