4300 करोड़ से ज्यादा के बहुचर्चित टेक्नोमैक घोटाले की जांच कर रही सीआईडी को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईडी द्वारा जारी कराए गए रेड कार्नर नोटिस के बाद दुबई पुलिस ने कंपनी के मालिक व घोटाले के मुख्य आरोपी राकेश शर्मा को पकड़कर हिरासत में ले लिया है। इसकी सूचना दुबई पुलिस से सीबीआई के जरिये हिमाचल पुलिस को मिल गई है। एडीजी सीआईडी अशोक तिवारी ने इसकी पुष्टि की है।
राकेश के गिरफ्त में आने के साथ ही अब स्टेट सीआईडी ने उसके भारत प्रत्यर्पण को लेकर कवायद शुरू कर दी है। नाहन स्थित इंडियन टेक्नोमैक कंपनी के खिलाफ वर्ष 2016 में सीआईडी ने मामला दर्ज कर 4300 करोड़ से ज्यादा के घोटाले का खुलासा किया था। कंपनी पर करीब 2100 करोड़ के वैट गबन के अलावा सात करोड़ के बिजली बिल को आरटीजीएस करने में घोटाला करने का आरोप लगा।
एसपी साइबर क्राइम संदीप धवल की अध्यक्षता में गठित सीआईडी की विशेष जांच टीम (एसआईटी) को तहकीकात का जिम्मा सौंपा गया। जांच के दौरान पता चला कि राकेश देश से बाहर भाग चुका है। मामले में अब तक करीब डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है जबकि कई अंतरिम जमानत पर हैं।
उल्लेखनीय है कि जांच अधिकारियों ने 19 अगस्त को नाहन कोर्ट से मुख्य आरोपी राकेश के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट हासिल किया और इंटरपोल से संपर्क साधा। इंटरपोल ने 17 अक्तूबर को रेड कार्नर नोटिस जारी किया। सीआईडी की जांच जारी रही और कुछ समय पहले ही इंटरपोल को सटीक पता दिया गया, जिस पर दुबई पुलिस ने यह कार्रवाई की है।