हिमाचल के पांवटा साहिब में माजरा चौकी के अंतर्गत जगतपुर में कुछ सालों से बंद पड़ी इटकोल कंपनी में रविवार रात चोरी के इरादे से आए चोरों ने सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवानों पर हमला कर दिया। इस हमले में तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का मेडिकल करवाने के बाद माजरा पुलिस चौकी में मामला दर्ज किया गया है।
कंपनी करोड़ों रुपये के टैक्स में हेराफेरी के आरोपों के चलते कुछ सालों से बंद चल रही है। पहले भी इकाई परिसर के भीतर चोरियों के प्रयास हुए हैं। इसके बाद से होमगार्ड जवानों को दिन व रात के समय सुरक्षा में लगाया गया है। माजरा चौकी के प्रभारी की टीम इस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
जानकारी अनुसार रविवार देर शाम को चोरी की नीयत से 3 लोग कंपनी परिसर में प्रवेश कर गए। इकाई परिसर में सुरक्षा में तैनात गृह रक्षकों रमेश कुमार, गुलजार व अनिल कुमार को अचानक बंद पड़ी कंपनी परिसर के भीतर से आवाज सुनाई दी।
इसके बाद होमगार्ड जवान भीतर जाकर देखने लगे। मौके पर तीन लोग चोरी के इरादे से घुसे दिखे। होमगार्ड जवानों ने उन्हें दबोचने की कोशिश की। चोरों ने खुद को बचाने के लिए ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों पर हमला कर दिया लेकिन बहादुरी दिखाते हुए होमगार्ड जवानों ने आरोपियों को दबोच लिया।
21 सौ करोड़ के टैक्स में हेराफेरी के बाद बंद है फैक्टरी
बताया जा रहा है कि इन आरोपियों को छुड़ाने इनके परिजन व कुछ ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच खूब बहस व हाथापाई हो गई। आधा दर्जन लोग मारपीट करने मौके पर पहुंच गए। वारदात की सूचना माजरा पुलिस चौकी में कर दी गई। माजरा चौकी प्रभारी हरमेश कुमार की टीम मौके पर पहुंची।
इसके बाद चोरी के प्रयास व मारपीट करने वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि जगतपुर में स्थित इटकोल कंपनी पर 2100 करोड़ टैक्स में हेरफेरी करने का आरोप है। इसके बाद कंपनी को बंद कर दिया गया था।
बंद पड़ी इस कंपनी में पहले भी चोरी के मामले प्रकाश में आ चुके हैं। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने मामले की पुष्टि की है। इकाई में चोरी व मारपीट मामले में मेहबूब अली व शफीक अहमद को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 454, 380, 511, 353, 332, 34 के तहत मामला दर्ज हुआ है।