बीएसएल नहर के किनारे रविवार देर रात से बल्ह निवासी एक कारोबारी रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया है। सोमवार सुबह जब उसकी कार नहर किनारे खड़ी मिली तो किसी व्यक्ति ने परिजनों से संपर्क साधा। इसके बाद युवक की तलाश शुरू हुई। लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं लग पाया और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है।
परिजन धनोटू स्थित पुलिस सहायता कक्ष पहुंचे। जहां सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बल्ह के रिगड़, डाकघर राजगढ़ निवासी
कारोबारी महेंद्र पाल पुत्र तुलसी राम की स्कार्पियो (एचपी33डी/2759) सोमवार सुबह धनोटू में बग्गी को ओर जाने वाले कच्चे मार्ग पर खड़ी मिली। महेंद्र पाल भाजपा एससी मोर्चा के जिला महामंत्री हैं। जब बड़ी देर तक गाड़ी वहीं खड़ी रही तो वहां से गुजर रहे एक जानकार ने उससे संपर्क साधने का प्रयास किया। लेकिन, संपर्क नहीं हो पाया।