करीब तीन करोड़ रुपये का लोन लेकर बिना लौटाए टाटा ट्रक शोरूम के प्रबंधक गायब हो गए हैं। दिल्ली और गुरुग्राम निवासी पार्टनर सामान समेटकर फरार हो गए।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक राजेश कुमार गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने प्रबंधकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मैसर्ज सिकंद व पार्टनर इंदिरा सिकंद निवासी नई दिल्ली और शबनम सिकंद निवासी गुरुग्राम हरियाणा ने शोरूम के लिए बैंक से तीन करोड़ का ऋण लिया था।
अब शोरूम से ट्रकों का पूरा स्टॉक हटा लिया गया है। प्रबंधक बैंक का पैसा चुकाए बिना यहां से चले गए हैं। पुलिस ने कंपनी प्रबंधन और पार्टनर के खिलाफ धारा 420, 403 व 120बी के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
एसपी मधुसूदन शर्मा ने बताया कि कंपनी प्रबंधक और उनके पार्टनर ने जो पते दर्ज करवाए थे, उन पर दबिश दी जाएगी। जल्द फरार आरोपियों को पकड़ लेंगे।