राजधानी शिमला से करीब 25 किलोमीटर दूर सौ साल पुराने रातड़ देवता मंदिर से एक किलो सोने और चार किलो चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं। सोने और चांदी की कीमत करीब 30 लाख रुपए है। शनिवार रात को चोर मंदिर से सोने के छत्र, अशरफियां और हार उड़ा ले गए। चोरी की गई अष्टधातु की मूर्ति जंगल में मिल गई है।
अमावस्या के चलते शनिवार रात को मंदिर के कपाट खुले थे, इसी का चोरों ने फायदा उठाया। चोरी किए आभूषणों की कीमत 30 लाख रुपए आंकी की गई है। शिमला जिले की दुधालटी पंचायत के बरहई गांव में स्थित रातड़ देवता आसपास की करीब छह पंचायतों के ग्राम देवता हैं। चोरी का पता रविवार सुबह उस समय चला, जब पुजारी पूजा के लिए मंदिर पहुंचा।