शिमला शहर में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लखन निवासी कार्ट रोड के तौर पर हुई है। इसके पास से 32.6 एमजी ब्राउन शुगर बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि यह ब्राउन शुगर का सप्लायर है और सप्लाई देने के लिए संजौली की तरफ होंडा सिटी कार में आया था।
इससे पहले की वह अपने मकसद में कामयाब हो पाता पुलिस ने उसे धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जालंधर से उसे ब्राउन शुगर आती है। शुरूआती पूछताछ के बाद पुलिस को अंदेशा हुआ कि उसने घर पर भी ब्राउन शुगर छिपा रखी हो इसलिए तत्काल एएसपी साक्षी वर्मा की अगुवाई में एक टीम ने कार्ट रोड पर स्थित उसके घर में दबिश दी।
घर पर ब्राउन शुगर तो नहीं मिली लेकिन वहां पुलिस ने छह ड्राई बैटरी , 15 किलो एल्मुनियम , 38 किलो ब्रास , 21 किलो एल्बो पाइप , 45 किलो कॉपर वायर , 75 किलो नये और पुराने स्टील टैप बरामद किए। इस पूरे सामान को फिलहाल पुलिस ने सीज कर दिया है। हालांकि इस बरामदगी में कोई एफआईआर अब तक नहीं दी गई है।
आरोपी कबाड़ का भी काम करता है पुलिस अब इस पहलू पर तफ्तीश कर रही है कि यह सामान इसके पास से कहां से आया? उसी के बाद इस मामले मेें अगली कार्रवाई करने की बात पुलिस कर रही है। इससे पहले शिमला पुलिस ने हरियाणा के एक युवक से दो किलो से अधिक ब्राउन शुगर बरामद की थी। यह आरोपी अभी थाना सदर में पुलिस रिमांड पर चल रहा है।
शिमला में चरस और प्रतिबंधित दवाओं का ही चलन रहा है लेकिन अब महंगा नशा भी पड़ोसी राज्यों से आने लगा है। यह शहर के यूथ को बर्बाद कर रहा है। नशे की गर्त में डूबे कुछ लोग अब आपराधिक वारदातों को भी अंजाम देने लगे हैं। एसपी शिमला डीडब्ल्यू नेगी ने कहा कि पुलिस नशे के कारोबारियों का नेटवर्क तोड़ने का पूरा प्रयास कर रही है और इसमें कामयाबी भी मिल रही है। आम जनता से अपील है कि अगर उनके आस पास कोई इस तरह का काला कारोबार कर रहा हो तो उसकी सूचना पुलिस को दें। जानकारी देने वालों की पहचान गुुप्त रखी जाएगी।
एएसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि लखन संजौली में अपनी कार में किसी को ब्राउन शुगर की सप्लाई देने आया था। उसने पूछताछ में बताया कि यह सप्लाई जालंधर से आई है। उसके घर पर दबिश दी गई वहां ब्राउन शुगर तो नहीं मिला लेकिन कुछ अन्य सामान मिला है उसको सीज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।