नशे में टल्ली एक शिक्षक ने शुक्रवार को स्कूल में हुड़दंग मचाया। पढ़ाने की बजाए शिक्षक खुद ही हंगामा करने लगा गया। शिक्षक इसे समझाने लगे लेकिन ये कहां मानने वाला था। यह मामला बिलासपुर के घुमारवीं क्षेत्र के तहत आने वाले एक स्कूल में सामने आया।
बताया जा रहा है कि शिक्षक उसी स्कूल में कार्यरत है। हालांकि, उसे समझाने का साथी शिक्षकों ने भरसक प्रयास किया, किंतु वह नहीं माना। लिहाजा, प्रिंसिपल ने पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शिक्षक को हुड़दंग मचाने के आरोप में धारा 101 और 151 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घुमारवीं क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक स्कूल में कार्यरत शिक्षक ने स्कूल में खूब हुड़दंग मचाया। बताया जा रहा है कि स्कूल समय में ही शिक्षक ने नशा किया था। इस घटनाक्रम की सूचना स्कूल के प्रिंसिपल ने घुमारवीं थाना को दी।
घुमारवीं थाना से पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शिक्षक को हिरासत में लिया। शिक्षक को थाना लाने के बाद उसका मेडिकल करवाया जा रहा है।