शराब के नशे में धुत कार सवार तीन रईसजादों को पुलिस ने चेकिंग के लिए रोकना चाहा, तो वह पीसीआर में ही टक्कर मारकर भागने लगे। डाबर तिराहे के पास से पीछा करते हुए पीसीआर ने तीनों को कार समेत यूपी गेट के पास से धर दबोचा।
तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उन्होंने बताया कि वह मस्ती करने टीएचए की सड़कों पर घूम रहे थे। हालांकि माफी मांगने पर मुचलका भरवाकर तीनों को छोड़ दिया गया।
एसओ इंदिरापुरम हरिदयाल यादव ने बताया कि शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे पीसीआर-45 गश्त पर थी। तभी डाबर तिराहे के पास एक लग्जरी कार सड़क किनारे खड़ी दिखी।
पीसीआर को पीछे से आता देख युवकों ने गाड़ी दौड़ा दी। पीसीआर ने ओवरटेक करने का प्रयास किया, तो युवक पीसीआर में टक्कर मारकर भागने लगे। उन्हें यूपी गेट के पास दबोच लिया गया।
एसओ ने बताया कि तीनों नशे में धुत थे और ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। दो युवक पूर्वी दिल्ली के और एक चंद्रनगर का रहने वाला है।
इनमें से एक बीकॉम स्टूडेंट, एक कॉल सेंटर में कार्यरत और तीसरा युवक पिता की बिजनेस में हाथ बंटाता है। तीनों के परिजन रविवार सुबह थाने पहुंचे और बच्चों के कृत्य के लिए माफी मांगी। इसके बाद तीनों को मुचलका भरवाकर छोड़ दिया गया।
पुलिस को लगा वर्दीधारी बदमाश
पिछले दिनों डाबर तिराहे के पास ही कार सवार वर्दीधारी बदमाशों ने लूट की थी। पुलिस ने जब कार को रोकना चाहा, तो युवकों ने कार भगा ली। पुलिस ने उन्हें वर्दीधारी बदमाश समझा। हालांकि बाद में उनकी पहचान नशे में धुत युवकों के रूप में हुई।