साइबर क्राइम का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से सीनियर प्राइवेट सेक्रेटरी पद से रिटायर जयराम को 25 लाख की लाटरी का झांसा देकर एक गिरोह ने करीब 17 लाख रुपये ऐंठ लिए।
लालच के चक्र में फंस कर रिटायर अफसर 56 किस्तों में यह पैसा एक अनजान बैंक खाते में जमा कराते रहे। जब तक होश आया तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रिटायरमेंट में मिले 18 लाख रुपये डूब जाने के बाद सुंदरनगर (मंडी) निवासी अधिकारी की शिकायत के आधार पर थाना बालूगंज में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जय राम 28 फरवरी 2011 को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्ति हुए। इस दौरान उन्हें करीब 18 लाख रुपये मिले। जून 2013 में उनके मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई, जिसमें बताया गया कि उनका मोबाइल नंबर लक्की ड्रा में चुना गया है। इस नंबर पर 25 लाख रुपये की लाटरी निकली है।