50 साल का एक शख्स नाबालिग के साथ दुराचार करता रहा। कई महीने तक इसकी हवस का शिकार होने पर नाबालिग गर्भवती हो गई जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। मामला हिमाचल के सोलन का है। यहां कंडाघाट क्षेत्र में एक नाबालिग गर्भवती हो गई है। परिजनों को पता लगा तो उन्होंने उससे पूछताछ की। नाबालिग ने कंडाघाट के ही पचास वर्षीय व्यक्ति पर आरोप लगाए हैं।
उसने कहा कि धोखे में रखकर व्यक्ति उसे हवस का शिकार बनाता रहा। उधर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित के पिता ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। उनके मुताबिक इसका पता तब चला जब गर्भावस्था का आठवां माह चल रहा था। जब नाबालिग की माता ने इस घटना के बारे में पूछा तो उसने आपबीती बताई।
तब पता चला कि कंडाघाट क्षेत्र में रहने वाले पचास वर्षीय व्यक्ति ने इस शर्मसार घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित की मां ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने पचास वर्षीय बिट्टू के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षक रमेश छाजटा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई अम्ल में लाई जा रही है।
कार चालक ने किया युवती से दुराचार
हमीरपुर की एक ग्राम पंचायत में युवती से एक कार चालक ने दुराचार किया है। मंगलवार रात कार चालक ने युवती से दुराचार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ित युवती का मेडिकल करवा लिया है। पीड़ित युवती की मां ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसकी बेटी के साथ गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म किया है।
कहा कि आरोपी युवक पेशे से वाहन चालक है। पीड़िता ने सारी बात अपनी मां को बताई। पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्जकर लिया है। पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पीड़िता का मेडिकल करवा लिया है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डा. शिव कुमार का कहना है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।