हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के अंतर्गत मोगीनंद में कर्फ्यू और लॉकडाउन के बीच भी सरकारी आदेशों की अवहेलना हो रही है। कोविड-19 जैसी महामारी के खिलाफ छेड़ी गई इस जंग के बीच मोगीनंद के एनटीसी उद्योग में रात के अंधेरे में प्लास्टिक रस्सी बनाने का कार्य चल रहा था। पुलिस ने छापा मारकर करीब एक दर्जन लोगों को उद्योग में काम करते हुए पकड़ा है। पुलिस ने उद्योग प्रबंधन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई तेज कर दी है। एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने बताया कि नियमों की अवहेलना करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए कर्फ्यू लगाया गया है। कर्फ्यू के दौरान मात्र दवा निर्माता कंपनियों को ही उत्पादन करने की छूट दी गई है, जबकि अन्य सभी प्रकार के उद्योग बंद किए गए हैं। कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में कर्फ्यू के दौरान रात के समय उद्योग चलाने का यह दूसरा मामला सामने आया है। उधर, डीएसपी नाहन पदमदेव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कानून तोड़ने वाले लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा। अगले आदेशों तक कर्फ्यू जारी रहेगा। जनता की सुरक्षा प्राथमिकता है। उधर, एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने बताया कि लोगों से महामारी से निपटने में सरकार, पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।