राजधानी शिमला के मैहली में एक निजी शिक्षण संस्थान में पांच जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रैगिंग के आरोपी दो छात्रों को मैहली से ही बीती रात को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक अभी भी फरार है।
थाना छोटा शिमला पुलिस ने वार्डन की शिकायत पर रैगिंग का मामला दर्ज कर लिया है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। देर रात हुई इस घटना की सूचना मिलते ही एसपी शिमला सौम्या साबंशिवन मौके पर पहुंचीं।
उन्होंने कहा कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। दो आरोपी छात्रों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अन्य की तलाश जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मामला शुक्रवार देर रात का है।
देर रात हॉस्टल में जूनियर छात्रों से की मारपीट
वार्डन की पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक तीन सीनियर छात्र जिसमें एक पासआउट, एक ड्रॉपर और एक शिक्षण संस्थान का छात्र है। तीनों आरोपी रात करीब बारह बजकर दस मिनट पर हॉस्टल में दाखिल हुए। इनमें से एक के हाथ में रॉड थी। तीनों ने पांच जूनियर छात्रों के साथ मारपीट की। इसी बीच रैगिंग की सूचना वार्डन को मिली।
वह मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक तीनों आरोपी वार्डन को देखकर वहां से फरार हो गए। वार्डन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और शिक्षण संस्थान और आनी के रहने वाले पूर्व छात्र को पुलिस ने चैली से गिरफ्तार कर लिया। इनमें से एक आरोपी फरार है। तीनों आरोपी जम्मू, आनी और चिड़गांव के रहने वाले हैं। पुलिस इसकी तलाश में जुटी है।