हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज विभाग के पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर के पीएसओ की चोरी हुई पिस्टल पंजाब के लुधियाना से बरामद हुई है। पंजाब के लुधियाना में बदमाश इस चोरी की गई सर्विस पिस्टल के साथ किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। इसी दौरान लुधियाना पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। वहीं, आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पंजाब पुलिस ने बीबीएमबी कॉलोनी से भी दो युवकों को हिरासत में लिया है।
लुधियाना से धरे गए बदमाशों से की गई पूछताछ में खुलासा हुआ है कि पिस्टल को हिमाचल के एक युवक से खरीदा गया था। इस पर मामले की जांच कर रही लुधियाना पुलिस की टीम ने सुंदरनगर की बीबीएमबी कॉलोनी में दबिश देकर दो युवकों को हिरासत में लिया है। पंजाब पुलिस की टीम दोनों को पंजाब ले गई है। लुधियाना पुलिस द्वारा बदमाशों से पकड़ी गई पिस्टल का बट्ट व बाडी नंबर का मिलान चोरी हुई पिस्टल से हो गया है।
एसएचओ बीएसएल कॉलोनी कमलकांत ने कहा कि लुधियाना पुलिस की टीम बीबीएमबी कॉलोनी में आई थी। पंजाब पुलिस ने बीबीएमबी कॉलोनी में रहने वाले 2 युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि लुधियाना पुलिस पूर्व सीपीएस के पीएसओ की पिस्टल चोरी मामले से संबंधित रिकॉर्ड भी थाना से साथ लेकर गई है।