ट्रांसफर को लेकर चले विवाद में दो प्रिंसिपल कुर्सी को लेकर भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस तक बुलानी पड़ गई। दोनों प्रिंसिपल एक दूसरे से बहसबाजी करते रहे। मामला हिमाचल के कांगड़ा के ढलियारा का है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ढलियारा में मंगलवार को स्थिति उस समय हास्यास्पद हो गई जब कोर्ट की डबल बैंच के आदेश लेकर विद्यालय पहुंचे पुरुष प्रधानाचार्य दूसरे प्रधानाचार्य के कार्यालय में आकर कुर्सी पर बैठ गए।
इस पर पहले वाली महिला प्रधानाचार्य ने विरोध जताया, तो दोनों में जमकर बहस हो गई। इससे विवाद काफी बढ़ गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस भी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार दो महीने से ढलियारा स्कूल के प्रधानाचार्य का तबादला हो जाने पर दूसरे प्रधानाचार्य की ओर से पदभार संभाल लेने के बाद से ही विवाद चला हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों ही प्रधानाचार्यों ने ट्रिब्यूनल कोर्ट से स्टे लिया हुआ था।
इसके पश्चात कोर्ट ने उक्त मामले को अतिरिक्त सचिव (शिक्षा) को आदेश दिए कि वह सरकार की तबादला नीति के तहत इस पर जरूरी कार्रवाई करें। जिस प्रधानाचार्य का तबादला विभाग की ओर से किया गया था। उसने सचिव के समक्ष अपने स्वास्थ्य का हवाला दिया।
इस पर उसका तबादला रोक दिया गया। इस पर दूसरे प्रधानाचार्य ने सचिव की ओर से दिए गए फैसले को कोर्ट में डबल बैंच के समक्ष चनौती दी कि उक्त फैसला तबादला नीति के तहत नहीं दिया गया है। कोर्ट की डबल बैंच ने सचिव की ओर से किए गए फैसले को स्थगित करने के आदेश दिए।
स्कूल पहुंचे प्रिंसिपल, दूसरे प्रिंसिपल की कुर्सी पर जाकर बैठे
इस पर प्रधानाचार्य ने मंगलवार को स्कूल में आकर अपनी कुर्सी संभाल ली और फिर से विवाद पैदा हो गया। विवाद की जानकारी शिक्षा उपनिदेशक को भी मिली तो वे भी ढलियारा स्कूल के लिए रवाना हो गए हैं और मामले को सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रधानाचार्यों के विवाद के चलते स्कूल में बच्चों की पढ़ाई पर असर पढ़ रहा है। क्योंकि स्कूल स्टाफ और बच्चों के बीच संशय बरकरार है कि स्कूल में किसके निर्देशों की पालना करें। इस बारे में कई छात्र-छात्राओं के अभिभावकों सुरेश, अशोक कुमार, विक्रम मन्हास, केवल सिंह, राजकुमार, प्रदीप, हंसराज, कर्ण, अजय, राजीव आदि का कहना है कि संबंधित विवाद का बच्चों पर गलत प्रभाव पढ़ रहा है और शिक्षा के मंदिर में इस तरह के वाक्य नहीं होने चाहिए।
डीएसपी देहरा रेणु का कहना है कि ढलियारा स्कूल प्रिंसिपल की शिकायत मिली है कि दूसरे प्रिंसिपल स्कूल कार्यालय में आकर प्रधानाचार्य की कुर्सी पर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि उक्त मामले से पुलिस का लेना-देना नहीं है। पुलिस इसलिए स्कूल गई थी कि कहीं कानून व्यवस्था न बिगड़े। उधर, इस बारे उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग धर्मशाला कमल किशोर गुप्ता का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी अभी मिली है और वे स्कूल जा रहे हैं और ट्रिब्यूनल कोर्ट ने क्या आदेश दिए हैं। उन्हें पढ़कर ही कुछ कह पाऊंगा।