सत्संग भवन परौर में 11 अगस्त को हुई पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा के दौरान वहां तैनात पुलिस जवानों को विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। यह नोटिस लिखित परीक्षा के दौरान अनियमितताएं पाए जाने के चलते जारी किए गए हैं। जिन पुलिस कर्मियों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें ऐसे जवान भी शामिल हैं, जिन्होंने फर्जीवाड़े में संलिप्त आरोपियों को पकड़ा था।
जानकारी के अनुसार पुलिस विभाग ने करीब 73 पुलिस जवानों को यह नोटिस जारी किए हैं, जो 11 अगस्त को परौर सत्संग भवन में आयोजित लिखित परीक्षा के दौरान विभिन्न गेटों पर मोर्चा संभाले हुए थे। पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा में पहले से ही फर्जीवाड़ा होने की आशंका के इनपुट होने के बावजूद ड्यूटी पर तैनात जवान दूसरे का पेपर देने आए सॉल्वरों सहित अत्याधुनिक उपकरण लेकर आए अभ्यर्थियों को नहीं पकड़ पाए, जिसके चलते प्रदेश भर में 11 अगस्त को हुई लिखित परीक्षा को रद्द करना पड़ा।
हैरानी इस बात की है कि पुलिस विभाग ने उन पुलिस जवानों को भी नोटिस जारी किए हैं, जिन्होंने अपनी ड्यूटी निभाते हुए अत्याधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे अभ्यर्थियों को अन्य संदिग्ध अभ्यर्थियों को पकड़ा था। बावजूद इसके उन्हें भी पुलिस विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। उधर, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा ने कहा कि 11 अगस्त को हुई कांस्टेबल भर्ती लिखित परीक्षा में ड्यूटी पर तैनात 73 जवानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जांच चल रही है।