शिमला पुलिस के थाना बालुगंज के तहत टुटू दिव्यनगर में एक घर से पुलिस टीम ने छापा मार कर आठ किलो चरस और आठ किलो अफीम बरामद की है। इसकी मार्केट में कीमत करीब चालीस लाख तक आंकी जा रही है। पुलिस ने घर के मालिक दीप राम को सोलन क्षेत्र से शनिवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया है। जिसे थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रि या पूरी कर रही है। पुलिस ने आरोपी की दो गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है। चरस तस्करी के मामले में यह एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिसकी जांच में राजधानी सहित जिला में सक्रिय तस्करों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
एएसपी भजन नेगी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को जतोग चौकी पुलिस ने गश्त के दौरान दो युवकों अमन और विपिन से दस ग्राम अफीम पकड़ी थी।
उनसे पूछताछ करने के बाद पुलिस को युवकों ने बताया कि दीप राम से उन्होंने इसे खरीदा है। इस पर एएसपी रोहित मालपानी (आईपीएस प्रोबेशन) और उनकी टीम ने एएसपी सिटी भजन नेगी के मार्गदर्शन में दीप राम के दिव्य नगर स्थित मकान में रात को छापामारी की। आरोपी घर पर नहीं पाया गया, मगर उसके घर से खास तरह की अलमारियों से आठ-आठ किलो चरस और अफीम पकड़ी।
नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों का होगा खुलासा: भजन नेगी
आरोपी के घर से बरामद किया गया सामान कब्जे में लेती पुलिस।
- फोटो : नरेश भारद्वाज
वहीं घर का सामान खंगालने पर पुलिस को घर से 2.83 लाख कैश के अलावा सोने चांदी के जेवर और 10 मोबाइल और 96 मोबाइल सिमकार्ड और दो लैपटॉप भी मिले। पुलिस ने इन सबको कब्जे में ले लिया है। पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक दीप राम के अपने तीन मकान, दो गाड़ियां एक टिप्पर और एक जीप सहित और भी संपत्ति है। जिसकी पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है।
एएसपी भजन नेगी ने बताया कि यह अपनी तरह का पहला मामला है जिसमें पुलिस को आठ किलो चरस और आठ किलो अफीम एक साथ पकड़ी हो। आरोपी के घर से मिले 96 मोबाइल, लैपटॉप व मोबाइल की डिटेल खंगालने से इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों का खुलासा होने की उम्मीद है। जांच में पुलिस पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपी दीप राम के किन किन लोगों से संपर्क थे, कहां से चरस और अफीम की सप्लाई शिमला पहुंचती थी।
पुलिस आरोपी के घर से बरामद कैश, आभूषणों के साथ ही उसकी अर्जित की गई संपत्ति और पुश्तैनी संपत्ति की पूरी जांच करेगी। एएसपी भजन नेगी ने बताया संपत्ति का वित्तीय अन्वेषण होगा। उसकी निजी और परिवार की पूरी संपत्ति के दस्तावेज जुटाए जाएंगे।