फेसबुक पर लड़कियों की फर्जी आईडी बनाने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। नगरोटा बगवां पुलिस थाना के तहत पुलिस ने फेसबुक पर लड़कियों की फर्जी आईडी बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने के आरोप में एक स्थानीय युवक को काबू किया है।
आरोपी युवक के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार युवक कॉलेज में पढ़ने बाली तीन छात्राओं के नाम की फेसबुक में फेक आईडी बनाकर उन्हें तंग करता था। छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन और पुलिस को शिकायत सौंपी थी।
पुलिस ने कड़ा संज्ञान लेकर युवक पर नजर रखी और जांच के बाद युवक को पकड़ लिया। पुलिस छानबीन में पाया गया है कि युवक ने एक साल पहले भी ऐसी ही हरकत की थी। उस समय शिकायत मिलने पर पुलिस ने लड़की की बनाई फेक आईडी को बंद करवाया था।
लेकिन, युवक ने फिर से वही हरकत करके लड़कियों को तंग करना शुरू किया। उधर, पुलिस थाना नगरोटा बगवां के प्रभारी सुरिंद्र ठाकुर ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।