सिरमौर जिला के नेरीपुल-सोलन मार्ग पर जघेड़ गांव के समीप एक पिकअप गाड़ी के मंगलवार तड़के सैकड़ों फुट गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे को चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजगढ़ थाना प्रभारी दौलत राम ने बताया कि एक पिकअप गाड़ी नंबर एचपी10बी-4009 मंगलवार प्रात: करीब तीन बजे सेब लेकर जुब्बल-कोटखाई से सोलन की ओर जा रही थी। जघेड़ गांव के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा जिससे पिकअप दो सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
इसमें सवार जुब्बल तहसील के कनदरोड निवासी सोहन सिंह (42) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति पांवटा साहिब के जामना निवासी गंभीर सिंह को हल्की चोटें आई हैं।
सोहन सिंह का पोस्टमार्टम स्थानीय राजगढ़ अस्पताल में करवाकर शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। एसडीएम सतीश चौधरी ने सोहन सिंह के परिजनों को 15 हजार रुपये की जबकि घायल गंभीर सिंह को दो हजार रुपये फौरी सहायता प्रदान की गई।
इस मार्ग पर पिछले दो महीने में पांचवां हादसा हैं जिसमें चार ग्रामीणों की मौत हो चुकी है। सभी हादसे रात के समय चलने से हुए हैं।