धर्मशाला की स्टेट विजिलेंस की टीम ने एक पटवारी को काम के बदले रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी पटवारी निशानदेही के एवज में रिश्वत की डिमांड कर रहा था।
पैसा न मिलने पर यह अपने काम से टाल मटोल कर रहा था। फिलहाल विजिलेंस ने आरोपी पटवारी को गिरफ्तार कर इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपी पटवारी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी विमल गुप्ता ने बताया कि पटवारी को एक हजार रुपये लेते विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
शिकायत के बाद विजिलेंस ने बिछाया जाल
विजिलेंस के अनुसार संतोष कुमार ने विजिलेंस थाने में लिखित शिकायत में आरोप लगाया था कि पटवारी राज कुमार पटवार सर्कल मंदल तहसील धर्मशाला निशानदेही करने में आनाकानी कर रहा है। पटवारी काम करने के बदले उनसे पैसों की डिमांड कर रहा है।
पटवारी ने काम करवाने के लिए एक हजार रिश्वत शिकायतकर्ता से मांगी थी। पैसा न देने पर पटवारी काम नहीं कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद स्टेट विजिलेंस ने एक टीम का गठन किया। इसमें इंस्पेक्टर प्रेम चंद, इंस्पेक्टर चमन लाल, सब इंस्पेक्टर विनोद कुमार और अन्य थे।
पटवारी ने शिकायतकर्ता को पैसों के साथ बुलाया था। जैसे ही पटवारी ने शिकायतकर्ता से पैसा लिए तो विजिलेंस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने पटवारी को पैसों लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। इसके बाद विजिलेंस टीम पटवारी को विजिलेंस थाना में पूछताछ के लिए लाई।