रात को संदीप और उसके साथी खाना खाने के बाद सो गए। लेकिन सुबह उठते ही उसके साथियों के होश फाख्ता हो गए। पुलिस चौकी जोल के तहत पंचायत तलमेहड़ा के गांव खैरियां में एक व्यक्ति ने फंदे पर झूलकर जान दे दी।
मृतक की पहचान संदीप कुमार निवासी हरदोई, यूपी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक का शव पंखे से लटका मिला है। जानकारी के अनुसार खैरियां में यूपी निवासी संदीप कुमार दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था।
सोमवार को उसके साथी और संदीप खाना खाने के बाद सो गए। सुबह उसके साथियों ने देखा तो संदीप पंखे से लटका हुआ था। इसे देख सभी के होश फाख्ता हो गए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पंखे से उतारा और शव को कब्जे में लिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होगा खुलासा
बताया जा रहा है कि प्रवासी युवक तलमेहड़ा में काम करता था। संदीप ने आत्महत्या किन कारणों से की, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले को लेकर उसके साथियों से भी पूछताछ कर रही है।
उधर, थाना प्रभारी बंगाणा कमल नैन शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद होगा। प्राथमिक दृष्टि में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
घालूवाल में ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
वहीं हरोली के घालूवाल के समीप ट्रक की चपेट में आने से एक राहगीर की मौत हो गई। मृतक की पहचान धर्मपाल (80) निवासी घालूवाल के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी अनुसार मंगलवार को धर्मपाल सड़क पार कर रहा था।
इसी दौरान एक ट्रक ने धर्मपाल को जबरदस्त टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि धर्मपाल ने हादसे के तुरंत बाद ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक घटनास्थल से फरार हो गया।
सड़क हादसे के बाद सड़क पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और यातायात को दुरुस्त करवाया। उधर, डीएसपी गोपाल वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है।