उपमंडल भोरंज की अमरोह पंचायत के अंतर्गत डली गांव में एक प्राइवेट अस्पताल में घुसकर शातिर एक लाख रुपये नकद और लैपटॉप उड़ा ले गए। शनिवार रात को खिड़की के शीशे तोड़कर शातिरों ने अस्पताल के भीतर प्रवेश किया।
चोरी का पता रविवार सुबह चला। अस्पताल संचालक ने पुलिस थाना भोरंज को सूचना दी। एसएचओ मुकेश कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले को शीघ्र सुलझाने के लिए डॉग स्कवायड भी बुलाया गया।
अस्पताल के मालिक डॉ. राजन विवेक शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह जैसे ही उन्होंने अस्पताल का गेट खोला, तो ओपीडी का दरवाजा अंदर से बंद था। कुछ आशंका हुई तो उन्होंने बाहर आकर खिड़की को देख तो उसके सारे शीशे टूटे हुए थे और अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ था।
उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। निजी अस्पताल में गत रात्रि चोरों ने सेंध लगाकर कीमती सामान और नकदी पर हाथ साफ किया है। उधर, डीएसपी बड़सर धर्म सिंह वर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।