पुलिस थाना सदर चंबा की नार्कोटिक्स क्राइम कंट्रोल फील्ड यूनिट ने एक व्यक्ति से तेंदुए की करीब आठ फीट लंबी खाल बरामद की है। पुलिस टीम ने व्यक्ति को गिरफ्तार कर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धारा 51 के तहत मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सदर चंबा के सहायक उप निरीक्षक करतार सिंह (नार्कोटिक्स क्राइम कंट्रोल फील्ड यूनिट टीम) को गुप्त सूचना मिली कि भद्रम के एक व्यक्ति के पास जानवर की खाल है। सहायक उप निरीक्षक अपने पुलिस दल सहित मौके पर पहुंचे। किरण निवासी कुमारगांव खरीडु की बोरी की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसमे से एक जानवर की खाल बरामद की गई। बाद में वन्य विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया। मौके पर पहुंचे वन्य प्राणी विभाग के अधिकारी ने बरामद खाल की पहचान तेंदुए की खाल के रूप में की। खाल को मापने पर इसकी लंबाई 7 फीट 10 इंच व चौड़ाई 5 फीट 3 इंच पाई गयी।
पुलिस अधीक्षक चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि भद्रम में एक व्यक्ति से तेंदुए की खाल बरामद की गई है। व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है।