बिशनदास ग्रामीणों को अपने खेत में से जानवरों को ले जाने से मना करता था। इसी को लेकर चल रहा विवाद कोर्ट में भी पहुंच चुका है। वीरवार सुबह भी कुछ ऐसा ही हुआ। बिशनदास ने अपने खेत में चारों ओर से बाड़ लगा दी थी।
सभी गांव वाले इकट्ठे हुए और बाड़ के पास जाकर अपने पशुओं को बाड़ उठाकर ले जाने लगे। इतने में वहां पर पहले से ही खड़े बिशनदास ने अपनी लाइसेंसी टोपीदार बंदूक से फायर कर दिया।
इसकी चपेट में आने से गांव के मनोहर लाल (45) को छाती व कंधे पर गोली के 15 छर्रे लग गए। उसे तुरंत 108 से सीएचसी बंगाणा ले जाया गया। जहां पर डॉ. अतुल राणा ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया।
बाद में घायल को पीजीआई रेफर कर दिया गया। वारदात के दौरान गोली की आवाज सुनकर वहां मौके पर मौजूद 40 वर्षीय सुनीता देवी पत्नी रामदास भी बेहोश होकर गिर गई।
महिला का सीएचसी बंगाणा में इलाज चल रहा है। घटनास्थल पर पहुंचे एएसपी विनोद ने कहा कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दर्ज कर आगामी छानबीन की जा रही है।