नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने कुल्लू से दिल्ली के लिए सप्लाई की जा रही एक बड़ी चरस खेप के साथ दो लोगों को रोपड़ टोल प्लाजा में गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 9.720 किलो चरस बरामद की गई है।
शातिर बड़ी चालकी से चरस तस्करी करने जा रहे थे, लेकिन खेप ठिकाने तक नहीं पहुंचा पाए। आरोपियों के विरुद्घ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों से कड़ी पूछताछ जारी है।
जानकारी के अनुसार नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो चंडीगढ़ जोनल यूनिट ने टयोटा इनोवा कार के डैश बोर्ड में 9.720 किलो चरस छुपा कर जा रहे थे। खेप को ठिकाने तक पहुंचाने के लिए शातिर आरोपियों ने गाड़ी के डैश बोर्ड में विशेष जगह बनाई थी।
जिसमें अलग-अलग आकार में चरस खेप रखी गई थी। आरोपियों की पहचान तुले राम चालक पुत्र तपे राम और भूपिंद्र सिंह पुत्र इंद्रजीत सिंह निवासी खोखन तहसील भुंतर जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने किया ये खुलासा
एनसीबी की पूछताछ में दोनों खुलासा किया है कि चरस खेप कुल्लू की है और इसे दिल्ली पहुंचाया जाना था। इससे पहले भी तुले राम कई बार दिल्ली, फरीदाबाद व चंडीगढ़ चरस सप्लाई कर चुका है।
इससे पहले पांच नवंबर को मणिकर्ण घाटी के कसोल से सप्लाई हुई 6.200 किलो चरस के साथ एनसीबी ने निजामुदिन रेलवे स्टेशन नई दिल्ली से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एनसीबी ने इंटर स्टेट गैंग का खुलासा करते हुए इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
इधर, पुलिस अधीक्षक एनसीबी मंडी आशीष ओझा ने बताया कि टयोटा इनोवा कार में दो लोगों के कब्जे से 9.720 किलो चरस बरामद की है। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। बताया कि कसोल में भी इन दिनों चरस तस्करी के विरुद्घ अभियान छेड़ा गया है।
एक विदेशी चरस समेत गिरफ्तार
कुल्लू पुलिस व एनसीबी की ओर से कसोल क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के तहत संयुक्त टीम शुक्रवार को मलाणा क्षेत्र में पहुंची। यहां होटलों में दबिश के दौरान खेपर स्थित एक गेस्ट हाउस से एक फ्रेंच नागरिक फिलोज के कब्जे से 106 ग्राम चरस बरामद हुई। पिछले दो-तीन दिनों से संयुक्त टीम की दबिश से चरस माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।