हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर से 14 किमी दूर मंडी सदर के जनेड़ गांव में किसी और की बंदूक लेकर अवैध शिकार करने गए दो दोस्तों में हुई बहस के बीच गोली चलने से एक की मौत हो गई है। पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। बंदूक दोनों में से किसी की नहीं थी।
पुलिस यह पता लगा रही है कि बंदूक किसकी है और लाइसेंसी है या नहीं। मृतक की पहचान देवेंद्र (35) और गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश कुमार (36) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से बंदूक बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार देवेंद्र और सुरेश जनेड़ गांव के रहने वाले हैं और साथ ही पत्थर तोड़ने का काम करते हैं। पिछले कल दोनों ने दोपहर से ही शराब पीना शुरू कर दिया था और उसके बाद बंदूक लेकर जंगल में शिकार करने गए थे। दोनों देर रात तक जनेड़ स्कूल के प्रांगण में गाड़ी में बैठकर शराब पी रहे थे।
दोनों के बीच बंदूक गाड़ी में ले जाने को लेकर बहस हुई और इस दौरान देवेंद्र पर गोली चल गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डर के कारण सुरेश ने रात भर इसकी किसी को जानकारी नहीं दी और सुबह जब लोगों ने स्कूल प्रांगण में लाश देखी तो पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने सुरेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पूछताछ में बताया कि उससे गलती से गोली चली है। गोली चलाने के बाद उसने साथ लगते नाले की झाड़ियों में बंदूक छिपा दी थी, जहां से पुलिस ने बंदूक को बरामद कर लिया है।
आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पता चला है कि बंदूक दोनों में से किसी की भी नहीं है। यह किसी और की है और जिसकी भी है उसके बारे में भी जांच-पड़ताल की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि इनके पास गन लाइसेंस था या नहीं।
- शालिनी अग्निहोत्री, एसपी मंडी