कॉलेज का एक प्राध्यापक परीक्षा के दौरान एक छात्रा को छेड़ने लगा। मजबूर छात्रा परीक्षा छोड़ यहां से भाग गई। वहीं, आरोपी घर तक आ धमका। यह सनसनीखेज मामला हिमाचल के जिला बिलासपुर का है।
यहां डिग्री कॉलेज बिलासपुर में संगीत प्राध्यापक पर परीक्षा के दौरान छात्रा से अश्लील हरकतें करने का आरोप लगा है। आरोप है कि वह छात्रा को धमकाने उसके घर भी पहुंच गया। मामला रफा-दफा करने के लिए छात्रा को विश्वविद्यालय में प्रवेश दिलाने की बात भी कर रहा है।
इसकी कॉल रिकार्डिंग भी हाथ लगी है। इसमें आरोपी ने 22 मिनट बात की है। उसने अपनी गलती भी मानी है। बीए पांचवें सेमेस्टर की छात्रा का 29 सितंबर को पेपर था। छात्रा ने प्राचार्य को दी शिकायत में कहा कि उसका हिंदी मेजर का पेपर था।
इस दौरान संगीत प्राध्यापक वहां पहुंचा। उसने छात्रा का मोबाइल उठाया और उसमें अपना नंबर सेव कर दिया। कहा कि आज से हम दोस्त हैं। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा पेपर छोड़कर भाग गई और अन्य प्राध्यापकों मीना, अरुणा, राजेश और अपनी सहेलियों को सारी बात बताई। इसके बाद भी यह सिलसिला यहीं नहीं थमा और आरोपी छात्रा को फोन करने लगा।