हिमाचल के हमीरपुर में छेड़छाड़ की पीड़ित स्कूली छात्रा पर नकाबपोश ने बुधवार को रास्ते में पत्थर से हमला कर दिया। नकाबपोश ने छात्रा की तरफ एक धमकी भरा पत्र भी फेंका, जिसमें लिखा था कि कोर्ट में झूठ बोलना, नहीं तो वह उसे जान से मार देगा। वारदात के बाद नकाबपोश फरार हो गया। डरी सहमी छात्रा ने स्कूल पहुंचकर स्टाफ को घटना की जानकारी दी।
स्कूल का महिला स्टाफ छात्रा को प्रधानाचार्य के पास ले गया। प्रधानाचार्य ने छात्रा की बात सुनने के बाद पुलिस को इस मामले की सूचना दी, जिसके बाद बड़सर थाने से पुलिस ने स्कूल पहुंचकर छात्रा के बयान कलमबद्ध किए। बता दें कि कुछ माह पूर्व उपमंडल बड़सर के एक सरकारी स्कूल की छात्रा से उसी स्कूल के प्रधानाचार्य ने छेड़छाड़ की थी।
बड़सर थाने ने पोक्सो एक्ट में केस दर्जकर हमीरपुर कोर्ट में चालान पेश किया। जहां से आरोपी को कुछ दिनों के बाद जमानत भी मिल गई। बताया जा रहा है कि बुधवार को इस मामले की कोर्ट में पेशी थी, लेकिन उससे पहले स्कूल जाते हुए पीड़ित छात्रा पर हमला हो गया। एसपी हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि अज्ञात नकाबपोश के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है तथा पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है।