करोड़ों रुपये के एसएमएस फर्जीवाड़े में जिला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया है। अरोपियों की धड़पकड़ के लिए पुलिस की टीमें रवाना कर दी गई हैं। सूत्रों के मुताबिक पुलिस की टीमों को देश के विभिन्न राज्यों में रवाना किया गया है।
एसपी दिवाकर शर्मा ने नोटिस जारी करते हुए देश के समस्त पासपोर्ट कार्यालयों एवं एयरपोर्ट सहित इमिग्रेशन डिपार्टमेंट को सूचना दी। आरोपियों के देश छोड़ने के अंदेशे पर शिकंजा कसा गया है।
गौर हो कि ऊना में इंडियन एडवर्टिजमेंट सर्विसेज के नाम से खोली गई कंपनी के संचालकों ने एसएमएस भेजो और पैसा कमाओ स्कीम के तहत लोगों को प्रलोभन देकर लगभग तीस करोड़ के फर्जीवाड़े को अंजाम दिया और पैसा बटोरकर फरार हो गए। इसमें प्रदेश भर के लोगों की गाढ़ी कमाई का पैसा फंसा हुआ है।
उधर, जिला पुलिस ने इस मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस ने वीरवार को एक टीम हरियाणा के लिए रवाना कर दी। जबकि दो टीमें अन्य राज्यों के लिए रवाना की जा रही हैं। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों का पोस्टर जारी करते हुए देश के इमिग्रेशन डिपार्टमेंट को सूचना देकर आरोपियों के बारे में सूचना देने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए पूरी तरह से शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने बाकायदा तीनों आरोपियों के पोस्टर भी जारी किए हैं। गौर हो कि एसएमएस भेजो और पैसा कमाओ के स्लोगन देकर लोगों से करोड़ों की लूट को अंजाम देकर कंपनी के संचालक भूमिगत हो गए हैं।
एसपी दिवाकर शर्मा ने बताया कि एसएमएस फर्जीवाड़े में आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने तीन लोगों के पोस्टर जारी किए हैं। इसके अलावा आरोपियों को पकड़ने के लिए देश के समस्त पासपोर्ट कार्यालयों एवं सभी एयरपोर्ट व इमिग्रेशन डिपार्टमेंट को सूचना दे दी गई है। एसपी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए देश के विभिन्न राज्यों के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना कर दी गई हैं।