हरियाणा सरकार के बाद अब ज्योति के पिता बूटी राम की ओर से पंचकूला अदालत के फैसले के खिलाफ अपील पर सोलन जिले के दून हलके से कांग्रेस विधायक राम कुमार चौधरी व अन्य को नोटिस जारी हुआ है।
हरियाणा सरकार और बूटी राम की अपील पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट एक साथ सुनवाई करेगी। जस्टिस हेमंत गुप्ता एवं जस्टिस लिजा गिल की डिवीजन बेंच ने रामकुमार चौधरी व अन्य को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है और पक्ष रखने को कहा है। मामले की सुनवाई 14 मई को होगी।
बूटी राम की अपील में भी लगभग हरियाणा सरकार की ओर से बनाए गए आधार ही हैं। हरियाणा सरकार की ओर से दाखिल अपील में पंचकूला अदालत के फैसले को रद्द करने और चौधरी को दोषी करार देने की मांग की गई थी। हरियाणा सरकार के बाद ज्योति के पिता बूटी राम ने भी अपील दाखिल की थी।
अपील सुनवाई के लिए वीरवार को डिवीजन बेंच के समक्ष आई। दोनों ने अपील में कहा है कि निचली अदालत ने कई तथ्यों पर गौर नहीं किया। उल्लेखनीय है कि पंचकूला कोर्ट ने राम कुमार व अन्य को बरी करार दिया था।