कृषि विभाग सिरमौर के उपनिदेशक से मारपीट मामले में आरोपी कनिष्ठ अभियंता को सस्पेंड कर दिया है। आरोपी को सस्पेंड करने के बाद विभाग ने उसे हेडक्वार्टर शिमला भेजा है। विभाग के निदेशक आरके कौंडल ने कनिष्ठ अभियंता को सस्पेंड करने की पुष्टि की है। जबकि, अन्य दो विभागों के आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ अभी कोई कार्रवाई नहीं की है। हालांकि, इस मामले को तकरीबन एक सप्ताह का समय बीत गया है। मामला उजागर होने के बाद अभी एक विभाग ने ही अपने अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की है।
कृषि विभाग के निदेशक आरके कौंडल ने इस मामले में शिकायत के तुरंत बाद आरोपी जेई के खिलाफ कार्रवाई की। सिरमौर में कृषि उपनिदेशक के पद पर तैनात डॉ. राजेश कौशिक से उनके ही कार्यालय में घुसकर चार आरोपियों ने मारपीट की। यह घटना 15 अप्रैल की है। जब उपनिदेशक लॉकडाउन में किसानों के पास बनाने के कार्य में जुटे थे। इसी दौरान उन पर चार लोगों ने हमला कर लहूलुहान कर दिया। दो घंटे तक उनके साथ कार्यालय में मारपीट की। इधर, वन वृत्त सिरमौर के चीफ कंजरवेटर बीएस राणा ने बताया कि शिकायत आने पर कर्मी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।