घाटी के सिंधवा में पकड़े गए आईएसआईएस एजेंट ने गिरफ्तारी के डर से हिमाचल में धर्म का चोला बदल लिया था। दिल्ली में साथियों के पकड़े जाने के बाद आबिद खान हिमाचल पहुंचा और यहां अपना नाम पॉल रख लिया। वह किसी एक चर्च में न रहकर ठिकाने बदलता रहा।
आबिद लोगों से ज्यादा घुलता-मिलता नहीं था। ज्यादातर समय वह कमरे में ही बिताता। बाजार में भी बहुत कम देखा जाता। बंजार के सिंधवा से पहले वह मौहल स्थित एक चर्च में भी तीन माह बिता चुका था। पनाह के लिए पहुंचा ये आईएसआईएस एजेंट कट्टरता
का पाठ पढ़ाता और लोगों को संगठन से जुड़ने के लिए प्रेरित करता था। इंडोनेशिया में रह रही अपनी गर्लफ्रेंड से स्काइप (ऑनलाइन वीडियो चैटिंग) से वह बातचीत करता था। अंडर मैट्रिक आबिद कभी टेलरिंग का कार्य करता था। पुलिस जांच में ये बातें सामने आई हैं।
बातों में झलकता था कट्टरवाद
पुलिस की पूछताछ में आरोपी युवक ने माना कि वह आईएसआईएस की विचारधारा से जुड़ा है। पुलिस उसके मोबाइल लोकेशन का भी पता लगा रही है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर एजेंट की ट्रेवल हिस्ट्री का सही पता लगाकर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। आरोपी से बरामद किया गया लैपटॉप किसी और का बताया जा रहा है।
उधर, बंजार में दुकानदार राजू, तेजा सिंह, मेहर सिंह का कहना है कि बीते दिन गिरफ्तार किया युवक जब भी मिलता था धर्म से जुड़ी बातें ही करता था। चर्च के पादरी कमलेश ने बताया कि उन्हें युवक के आईएसआईएस एजेंट होने का कभी शक नहीं हुआ।
हालांकि, कट्टरवाद उसकी बातों में झलकता था। एएसपी कुल्लू निश्चिंत नेगी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए हिमाचल में पनाह लेने आया था।
पांच दिन पुलिस रिमांड पर भेजा आबिद
बंजार के सिंधवा से गिरफ्तार संदिग्ध युवक को स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस रिमांड में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। एसपी कुल्लू पदम चंद ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने आईएसआईएस विचारधारा से जुड़े होने की बात कही है। पूछताछ जारी है।
एनआईए की टीम आ सकती है पूछताछ को
एसपी कुल्लू पदम चंद ने बताया कि आरोपी की हिस्ट्री को देखते हुए एनआईए की टीम पूछताछ के लिए कुल्लू आ सकती है। इससे पहले आरोपी के दो साथियों को एनआईए दिल्ली से पकड़ चुकी है।