हिमाचल के सिरमौर जिले में पांवटा साहिब क्षेत्र के एक कारोबारी से 15.50 लाख रुपए फ्रेंचाइजी के नाम से ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। एक विशेष गठित पांवटा टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिससे गिरोह के ठगी के अन्य मामलों के भी खुलासे की उम्मीदें हैं।जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब के व्यापारी ओमनाथ पुत्र प्रेम नाथ निवासी शुभ खेडा पांवटा साहिब ने पतंजलि की फ्रेंचाइजी लेने के लिए गूगल पर सर्च किया। जिसमें कुछ नंबर निकालकर उनसे संपर्क किया।
जिन नंबरों से कारोबारी पतंजलि की फ्रेंचाइजी लेने के लिए संपर्क कर रहा था, वास्तव में वे साइबर ठगों के नंबर थे। इसके बाद शातिरों ने कारोबारी के साथ बड़ी ही सुनियोजित तरीके से बातचीत को अंजाम देते हुए 15.50 लाख रुपये की राशि ठग ली। कारोबारी को जब इसका संदेह हुआ तो पुलिस थाना पांवटा में मामला दर्ज करवाया। इसके बाद साइबर सेल नाहन ने साइबर ठगों तक अपनी पहुंच बनाई। थाना पांवटा साहिब की टीम बिहार पुलिस की मदद से एक गांव भवानी भीगा तक पहुंची।
मामले में मुख्य दो आरोपियों सुभाष पुत्र राम प्रवेश प्रसाद व कंचन पत्नी सुभाष निवासी भवानी भीगा को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अन्य आरोपी को पकड़ने के लिए अन्य ठिकानों पर दबिश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से एक लैपटॉप, पांच मोबाइल, 35 सीम, आठ चेकबुक, सात पासबुक, भारी संख्या में एटीएम कार्ड भी बरामद हुए हैं। साथ ही 9,97,500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। विभिन्न बैंक के पांच खातों में करीब आठ लाख फ्रीज करने में सफलता हासिल की है।
एसपी सिरमौर द्वारा गठित टीम में एसएचओ पावटा संजय शर्मा, एएसआई रामलाल, आरक्षी अरुण चौहान, अनिल तोमर, नाहन साइबर सेल से सुरेंद्र व अमरेंद्र सिंह शामिल किया गया था। पुलिस टीम दोनों आरोपियों को लेकर बिहार से सिरमौर लेकर आ रही है। एसपी सिरमौर अजय कृष्ण ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 15.50 लाख से अधिक ठगी मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।