हिमाचल के कुल्लू जिले के बजौरा में भुंतर पुलिस ने नाकाबंदी पर एक युवक को पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। युवक से दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्जकर पिस्तौल और दोनों राउंड को अपने कब्जे में ले लिया है। भुंतर पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात को दिल्ली से मनाली जा रही एक बस को जब पुलिस ने रुटीन चेकिंग के लिए रोका तो शक होने पर पुलिस की टीम ने युवक की तलाशी ली।
युवक के कब्जे से एक पिस्तौल और दो राउंड भी मिले। जांच के दौरान युवक की पिस्तौल बिना लाइसेंस की पाई गई। युवक ने किस मकसद से अवैध पिस्तौल अपने पास रखी थी और क्यों दो कारतूस के साथ घूम रहा था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत 28 वर्षीय गौरव भारद्वाज निवासी होजा, पुलिस थाना नरेला नजदीकी कोऑपरेटिव बैंक, उत्तरी दिल्ली को गिरफ्तार किया है। पुलिस युवक से पूछताछ करने में जुट गई है। युवक से जो पिस्तौल मिली है, वह देसी है। इसको लेकर पूरी छानबीन की जा रही है।