एचआरटीसी की बस को रोक कर एक एनसी चालक ने बस के चालक से मारपीट की। मामला हिमाचल के चंबा जिले का है। इस पर निगम के चालक ने आरोपी राकेश कुमार गांव बाढ़का तहसील सलूणी चंबा के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है।
अपनी शिकायत लेकर पुलिस थाना किहार पहुंचे एचआरटीसी के चालक जगदीश चंद निवासी गांव खरकुंड तहसील सलूणी ने बताया कि वह चंबा डिपो की बस लेकर चंबा झौड़ा रूट पर जा रहा था। जब वह रास्ते में बोढी नामक स्थान पर पहुंचा, तो एनसी चालक राकेश कुमार ने जबरन उनकी बस रूकवा ली।
इसके बाद वह उसके साथ बेवजह उलझने लगा। इसका जब उसने विरोध किया तो उसने उस पर ताबड़ तोड़ लात घूसों की बरसात कर दी। आरोपी ने यह धमकी भी दे डाली कि अगर इस बात को बतंगड़ बनाया तो वह उसे जान से मार देगा।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुष्टि करते हुए एसपी चंबा डीके चौधरी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।