पांवटा पुलिस ने चोरी की एक वारदात की गुत्थी सुलझाई तो नाहन में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। यहां एक परिवार को एक सप्ताह तक रिश्तेदारी में जाना महंगा पड़ गया। नाहन के चकरेड़ा में चोरों ने एक घर में वारदात को अंजाम देकर 6 लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर लिया।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना नाहन में प्रतिभा वर्मा पत्नी राकेश वर्मा निवासी मोहल्ला चकरेड़ा की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज हुआ है। प्रतिभा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अज्ञात चोर उसके घर से सोने व हीरे के गहने चोरी कर ले गए हैं। इन गहनों की कीमत करीब 6 लाख रुपये के करीब है। शिकायत में कहा गया है कि उसका परिवार एक सप्ताह से घर पर नहीं था।
जब वह घर पहुंचे तो देखा कि भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद जब सामान की जांच की गई तो घर से गहने चोरी पाए गए। बहरहाल, चोरी की वारदातों ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों को घर से बाहर निकलना भी काफी मुश्किल हो गया है।
पुलिस चोरी की कई वारदातों में आरोपियों को पकड़ चुकी है, लेकिन फिर भी वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रहीं। उधर, एएसपी सिरमौर विनोद धीमान ने बताया कि शिकायत पर मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस जल्द ही इस मामले का पटाक्षेप करेगी। फिलहाल, पुलिस थाना नाहन में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।