हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल को उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी है। यह शख्स काफी समय से कॉल कर उन्हें धमकियां दे रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कई बार इसे नजरअंदाज किया, लेकिन जब शख्स हरकतों से बाज नहीं आया तो उन्होंने अपने ओएसडी के माध्यम से थाना बालूगंज में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
शिकायत में आरोपी का मोबाइल नंबर भी दिया है। बुटेल पालमपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अब विधानसभा अध्यक्ष के लिखित बयान रिकार्ड किए जाएंगे। पूरे तथ्य जुटाकर आरोपी की तलाश की जाएगी। एएसपी सिटी भजन देव नेगी ने इसकी पुष्टि की है।