हिमाचल के कुल्लू जिले के बजौरा में पुलिस ने दो क्विंटल भुक्की के साथ पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मनाली और पतलीकूहल में नाके से भाग गए थे। बजौरा में पुलिस ने इन्हें दबोच लिया। आरोपियों ने यह भुक्की श्रीनगर से खरीदी थी। पुलिस के अनुसार दशहरा के चलते पुलिस ने बजौरा से मनाली तक नाके लगाए हैं। मनाली में नाके पर पुलिस ने पीबी 06-डी-6166 ट्रक को रोका। इसमें बैठा चालक और अन्य व्यक्ति यहां से ट्रक को भगा ले गया।
इन्हें पतलीकूहल में भी रोकने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी यहां भी नहीं रुके। बजौरा में पुलिस पूरी तैयारी के साथ थी और ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान दोनों के पास दो क्विंटल भुक्की बरामद हुई। आरोपियों की पहचान सुखदीप सिंह (24) पुत्र बलविंद्र सिंह, निवासी पुरोबल अरियां, चोर धारीवाल, जिला गुरदासपुर (पंजाब) और गगनदीप शर्मा (20) पुत्र बचन लाल, निवासी काहना, डाकघर जबकर, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि दोनों से कड़ी पूछताछ चल रही है। पूछा जा रहा है कि वे नशे की खेप को कहां बेचने जा रहे थे। मामले की छानबीन चल रही है।