शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा के बाद अब परिवहन मंत्री जीएस बाली का फेसबुक पेज भी किसी ने हैक कर दिया है। यह जानकारी खुद इसी पेज पर मंत्री जीएस बाली ने शेयर की है।
बाली ने एसपी कांगड़ा को शिकायत की है और फेसबुक अथॉरिटी को भी लिखा है। बाली ने सोमवार को अपने फेसबुक पेज पर लिखा- ऐसा प्रतीत होता है कि किसी ने इस पेज को हैक करके छेड़छाड़ करने की कोशिश की है।
रविवार शाम को आपसे फेसबुक लाइव के माध्यम से किए गए संवाद का वीडियो डिलीट कर दिया गया। अब उस वीडियो को तो रिकवर नहीं किया जा सकता, मगर अच्छी बात यह रही कि वक्त रहते हमने इस पेज का एक्सेस दोबारा हासिल कर लिया।
सभी जरूरी सेटिंग्स करके पेज को सिक्योर कर लिया गया है। साथ ही छानबीन की जा रही है कि आखिर यह सब हुआ कैसे? बाली को सोमवार को फोन किया गया तो उन्होंने बताया कि अपने अधिवक्ता से बातचीत करने के बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कांगड़ा को शिकायत की है। फेसबुक अथॉरिटी से भी जवाब का इंतजार किया जा रहा है।