नशे के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने गुप्त सूचना पर एक निजी होटल से चार युवाओं को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग लड़की भी शामिल है। मौके पर युवाओं से पांच ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को किसी व्यक्ति ने फोन पर सूचना दी। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंडी शहर के एक निजी होटल में दबिश दी।
यहां युवाओं ने कमरा बुक करवा रखा था। पुलिस ने युवकों के कमरे में दबिश दी। पूछताछ और तलाशी लेने पर युवाओं से 5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पकड़े गए युवाओं में एक युवक और युवती मंडी के हैं जबकि दो युवा रिवालसर के रहने वाले है। सभी विद्यार्थी बताए जा रहे हैं। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक मंडी गुरुदेव शर्मा ने की। कहा कि पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
छापमारी कर कार में पकड़ी अवैध शराब
पुलिस ने एक अन्य मामले में रिवालसर में एक दुकान और एक कार से 122 बोतल देशी शराब, 12 बोतल अंग्रेजी शराब की बरामद की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मंडी पुलिस की एसआईयू टीम ने सायं कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने रिवालसर के डोह निवासी चमन लाल के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।