हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल के एक निजी स्कूल में मासूम से दुष्कर्म के आरोप फोरेंसिक लैब से आई रिपोर्ट के आधार पर निराधार पाए गए हैं। फिर भी पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर रिपोर्ट पर डॉक्टरों से अंतिम राय लेगी। एएसपी भागमल ठाकुर ने कहा कि फोरेंसिक लैब से आई रिपोर्ट नेगेटिव है। विभिन्न टेस्ट की रिपोर्ट से साफ है कि आरोप निराधार हैं।
उल्लेखनीय है कि निजी स्कूल की बच्ची बीते चार मई को स्कूल से घर आई तो उसकी रोजमर्रा की हरकतों में बदलाव देखकर परिजनों ने उससे बातचीत की। बच्ची कुछ बताने के बजाय अपने शरीर के घाव के बारे में बताने लगी।
इससे परिजनों को शक हुआ। उसे रात को ही बिलासपुर अस्पताल लाया गया और उसका मेडिकल करवाया गया। पुलिस में मामला आने के बाद जांच के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन भी किया गया। छात्रा के उस दिन के कपड़ों को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया, लेकिन रिपोर्ट नेगेटिव है।