पतलीकूहल क्षेत्र में पुलिस ने तीन विदेशी पर्यटकों को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। नाइजीरिया निवासी तीनों पर्यटकों के वीजा की अवधि भी खत्म हो चुकी है।
पुलिस ने उनके खिलाफ फारेन एक्ट की धारा 14 और एनडीपीएस एक्ट 21 के तहत मामला दर्ज किया है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस का एक दल पतलीकूहल क्षेत्र के 15 मील के समीप गश्त पर था।
उसी दौरान वर्षा शालिका में बैठे तीन विदेशी पर्यटकों से शक के आधार पर तलाशी ली गई तो उनके पास से 18 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ। जब तीनों से पूछताछ की गई तो उनके पास जो वीजा मिला उसकी अवधि खत्म हो चुकी थी।
पकड़े गए विदेशी पर्यटकों की पहचान नाइजीरिया के ऐडविन मेडूका जोन, किंग शैली और अल्टोमा कोलिस के रूप में हुई है। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया को अमल में लाया जा रहा है। नाइजीरियन दूतावास को भी इसकी सूचना दे दी गई है।