हिमाचल के जिला ऊना में एचआरटीसी दफ्तर में देर रात लगी आग से लाखों का सामान राख हो गया है। आग से काफी अहम रिकॉर्ड भी जला है।
ऊना बाजार स्थित हिमाचल पथ परिवहन निगम के दफ्तर में देर रात आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि कुछ ही मिनटों में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
आग कैसे लगी, इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार बाजार के बीचोंबीच स्थित इस दफ्तर में निगम का पुराना रिकॉर्ड और सामान रखा था।
करीब 15 लाख के नुकसान का अनुमान
देर रात अचानक यहां आग लग गई। स्थानीय कारोबारियों ने दमकल को इसकी सूचना दी। लेकिन इसी बीच आग और भड़क गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक करीब 15 लाख का सामान जल गया।
आग से दफ्तर में रखे दो कंप्यूटर, एक अलमारी और पुराना रिकॉर्ड जल गया है। फिलहाल आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है।